रायपुर, 8 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और भारतीय समाज की सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों एवं समरसता को मजबूत करने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रायपुर के मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने सेन समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर नया रायपुर में एक चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए नामकरण समिति का गठन किया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज केवल अपनी पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक समाज के विभिन्न संस्कारों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने केश शिल्पी बोर्ड के गठन और पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूर्व में शुरू की गई योजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेन समाज की वर्तमान आवश्यकताओं और समस्याओं पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

0 Comments